गोवर्धन। भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने भारत बंद के आवाहन पर किसान बिल के विरोध में केंद्र सरकार के खिलाफ गोवर्धन में मथुरा अलवर मार्ग पर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों को थाना पुलिस ने हिरासत में लेकर थाने ले आई।।
केंद्र सरकार द्वारा लाये गए किसान विरोधी बिल के विरोध में मंगलवार को भारत बंद के आवाहन पर भारतीय किसान यूनियन के सैकड़ों कार्यकर्ता गोवर्धन पहुंचे। उन्होंने गोवर्धन सोंख अड्डा मथुरा अलवर मार्ग पर धरना प्रदर्शन करते हुए केन्द्र सरकार के खिलाफ नारेवाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जाट महा सभा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण चौधरी , किसान यूनियन के तहसील अध्यक्ष वेदवीर चौधरी सहित अन्य कार्यकर्ताओ को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। लक्ष्मण चौधरी ने बताया कि केंद्र में बैठी गूंगी बेहरी सरकार ने किसान विरोधी में बिल पास कर उद्योगपतियों को लाभ दिया है। किसानों का उत्तपीड़न बर्दास्त नही होगा। किसानों के भारत बंद के आवाहन पर देश भर में किसान सड़क पर प्रदर्शन कर रहे हैं। केंद्र की मोदी सरकार किसान विरोधी है। किसान विरोधी बिल वापस नही लिया गया तो किसान आंदोलन जारी रहेगा। वेदवीर ने कहा कि पुलिस प्रशासन सरकार के इशारे पर किसानों को गिरफ्तार कर लोकतंत्र का गला घोंटने का काम कर रही है। पुलिस ने अमित पाठक, वेदवीर सिंह, योगेश कुंतल, लक्ष्मण चौधरी, कपूर सिंह, हरबीर चौधरी, सुनील, ऋषि पाल, रामू कृष्णवीर सिंह ,सत्यभान पहलवान को हिरासत में लिया है।